Delhi Cyber Crime: नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 35 हजार रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा
दिल्ली के शाहदरा जिले में साइबर थाना पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए लोगों को नौकरी का झांसा देकर उनसे पैसे ठगने का काम किया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और बैंक पासबुक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने उसे व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क किया और उसके परिवार के सदस्यों को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने रजिस्ट्रेशन फीस, सिक्योरिटी डिपॉजिट और अन्य चार्ज के नाम पर उससे 35 हजार रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। लेकिन पैसे लेने के बाद आरोपी ने न तो कोई नौकरी दिलाई और न ही संपर्क में रहा।
शिकायत मिलने के बाद 3 अप्रैल 2026 को साइबर थाना शाहदरा में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी निगरानी और बैंक ट्रांजैक्शन के विश्लेषण के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई।
जांच में पता चला कि ठगी की रकम बैंक ऑफ बड़ौदा के एक खाते में जमा हुई थी, जो कपिल कुमार के नाम पर था। कॉलिंग नंबर भी उसी के नाम से रजिस्टर्ड पाए गए। इसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी कपिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बेरोजगार लोगों को निशाना बनाता था और फर्जी जॉब ऑफर देकर उनसे पैसे ऐंठता था। वह खुद को किसी बड़ी कंपनी का एचआर बताकर लोगों का भरोसा जीतता था और फिर अलग-अलग बहानों से पैसे मांगता था। पैसे मिलने के बाद वह संपर्क तोड़ देता था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में उसके अन्य साथियों और नेटवर्क की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर करने से बचें और किसी भी ऑफर की पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।



