Delhi Excise Crackdown: अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, 120 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
Delhi Police की ईस्ट डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में करीब 120 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है, जिसमें हरियाणा मार्किंग वाली शराब भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान राहुल (19) के रूप में हुई है, जो कल्याणपुरी इलाके का रहने वाला है और अवैध शराब की बिक्री व भंडारण में शामिल था। यह शराब “For Sale in Haryana Only” मार्किंग के साथ दिल्ली में अवैध रूप से सप्लाई की जा रही थी।
घटना 3 मई 2026 की है, जब पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि कल्याणपुरी के 11 ब्लॉक में अवैध शराब बेची जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर जाल बिछाया और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तुरंत उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान मौके से 275 क्वार्टर, 24 हाफ बोतल, 84 बीयर बोतल और 9 बीयर कैन बरामद किए गए।
कुल मिलाकर 16 कार्टन अवैध शराब और बीयर जब्त की गई। इस मामले में थाना कल्याणपुरी में दिल्ली एक्साइज एक्ट की धारा 33 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि सप्लाई चेन और अन्य शामिल लोगों का पता लगाया जा सके।



