MCD: दिल्ली में फैक्ट्री लाइसेंस प्रक्रिया अब होगी ऑनलाइन, महापौर राजा इकबाल सिंह ने किया नया मॉड्यूल लॉन्च
दिल्ली नगर निगम ने पारदर्शिता और सुगमता की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। महापौर राजा इकबाल सिंह ने सोमवार को ऑनलाइन फ़ैक्टरी लाइसेंस और शुल्क मॉड्यूल लॉन्च किया, जिसे अब संपत्ति कर ऐप के साथ एकीकृत किया गया है। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य फैक्ट्री मालिकों को बिना किसी बाधा के लाइसेंस प्रक्रिया पूरी करने में मदद करना और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना है।
लॉन्चिंग कार्यक्रम के दौरान महापौर ने कहा, “हम नगर निगम में भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रहे हैं। हमारे वरिष्ठ अधिकारी, उपमहापौर और अन्य साथियों ने मिलकर फैक्ट्री लाइसेंस प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाया है, जिससे भ्रष्टाचार को प्रभावी रूप से कम किया जा सके।”
नई प्रणाली के तहत फैक्ट्री मालिकों को अब लाइसेंस लेने के लिए बार-बार निगम कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। वे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, शुल्क का भुगतान कर सकेंगे और डिजिटल लाइसेंस प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही, यह सिस्टम संपत्ति कर ऐप से जुड़ने के कारण मालिकों की जानकारी स्वतः सत्यापित हो जाएगी, जिससे फर्जीवाड़े और हेरफेर की संभावना काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
नगर निगम का कहना है कि यह कदम न केवल भ्रष्टाचार पर रोक लगाएगा बल्कि औद्योगिक इकाइयों के लिए समय और संसाधनों की बचत भी करेगा। साथ ही, इस डिजिटल पहल से निगम की आय में भी पारदर्शिता और वृद्धि की उम्मीद है।
महापौर ने इस मौके पर निगम अधिकारियों और तकनीकी टीम की सराहना की, जिन्होंने कम समय में इस परियोजना को पूरा किया। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में नगर निगम अपनी अधिक से अधिक सेवाओं को ऑनलाइन लाने की दिशा में लगातार काम करेगा ताकि आम नागरिकों को सुविधाएं घर बैठे मिल सकें।



