Delhi Murder Case: पूर्वी दिल्ली में डीयू की सहायक प्रोफेसर की हत्या, सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट
पूर्वी दिल्ली के अशोक नगर थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा एन्क्लेव के सत्यम एन्क्लेव में दिल्ली विश्वविद्यालय की एक सहायक प्रोफेसर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान डॉ. देबोस्मिता पॉल के रूप में हुई है, जो दिल्ली विश्वविद्यालय के University of Delhi के शिवाजी कॉलेज में अंग्रेजी विभाग में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार डॉ. देबोस्मिता पॉल अपने पति से अलग रह रही थीं। उनके पति बेंगलुरु में रहते हैं जबकि वह पूर्वी दिल्ली स्थित अपने फ्लैट में अकेली रहती थीं। बताया जा रहा है कि जब काफी देर तक उनसे संपर्क नहीं हो पाया तो मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर उनका शव बरामद किया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मृतका के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया था, जिससे उनकी मौत हुई। इसके अलावा उनके हाथ की नस कटे होने के भी निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में यह साफ हुआ है कि घर में रखी ज्वेलरी और नकदी अपनी जगह पर सुरक्षित मिली है। ऐसे में पुलिस लूटपाट की आशंका से इनकार कर रही है और हत्या के पीछे किसी अन्य वजह की जांच की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी की मदद से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
इस हत्याकांड को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। कुंडली से विधायक Kuldeep Kumar Monu ने दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस पर सीधा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राजधानी में लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विधायक ने कहा कि जिस इलाके में घटना हुई वहां जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, इसके बावजूद अपराधियों में पुलिस का कोई डर दिखाई नहीं देता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस हत्या के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक जल्द पहुंचा जाएगा।



