Delhi Police Success: देश का नंबर वन बना दिल्ली का गाजीपुर थाना, गृहमंत्रालय से सम्मान, जनता की भरोसेमंद पुलिसिंग का ऐतिहासिक उदाहरण
राजधानी दिल्ली का गाजीपुर थाना आज पूरे देश में एक चमकते सितारे की तरह उभरा है। भारत की पुलिस व्यवस्था में जब भी उत्कृष्ट कार्य, अनुशासन और जनता के प्रति संवेदनशीलता की मिसाल दी जाएगी, तो सबसे पहले नाम आएगा—गाजीपुर थाना, पूर्वी दिल्ली का। गृहमंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मूल्यांकन में इस थाने ने देशभर के सभी थानों को पीछे छोड़ते हुए नंबर वन पुलिस स्टेशन का खिताब अपने नाम किया है। यह सम्मान सिर्फ एक पुरस्कार नहीं, बल्कि दिल्ली पुलिस की मेहनत, ईमानदारी और जनता के लिए 24 घंटे तत्पर सेवा भावना का प्रमाण है।
दिल्ली पुलिस के कुल 227 थानों में कई बड़े, शानदार और भव्य इमारतों वाले थाने मौजूद हैं। कई थाने अंग्रेज़ों के समय के स्थापत्य भी खुद में पहचान रखते हैं, लेकिन इन सबके बीच एक मंज़िला, साधारण इमारत वाले गाजीपुर थाने ने दिखा दिया कि किसी थाने की ऊँचाई उसकी बिल्डिंग से नहीं, बल्कि उसके काम, उसकी निष्ठा और जनता के भरोसे से मापी जाती है।
साल 2012 में स्थापित यह थाना सिर्फ 13 वर्षों में देश का सर्वोत्तम थाना बनकर सामने आया, जबकि कई पुराने थाने 20–25 साल बाद भी इस स्तर तक नहीं पहुंच सके।
बीते वर्ष के दौरान गाजीपुर थाने ने लगभग 450 अपराध मामलों में 90 प्रतिशत से अधिक मामलों को समय रहते सुलझाया, और आरोपी कानून के दायरे में लाए गए। यही वजह रही कि गृहमंत्री अमित शाह ने इस थाने के प्रभारी बाला शंकर उपाध्याय को देश का नंबर वन थाना होने की ट्रॉफी प्रदान की। सम्मान मिलते ही थाने में उत्साह, खुशी और गर्व का माहौल साफ दिखाई दिया।
गृहमंत्रालय के 75 मानकों पर किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
गाजीपुर थाने ने वे सभी मुख्य मानक पूरे किए जो पुलिस स्टेशन के सर्वोत्तम संचालन का आधार माने जाते हैं। इनमें विशेष रूप से—
• केस रिकॉर्ड मैनेजमेंट बेहतरीन
• साफ-सफाई और इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर
• अपराध रोकथाम और सुसंगठित पेट्रोलिंग
• समय पर जांच, त्वरित चार्जशीट और केस निपटान
• कानून-व्यवस्था की मजबूत स्थिति
• सामुदायिक पुलिसिंग पर ध्यान
• महिलाओं के मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई
• थाने में आने वाले नागरिकों के साथ विनम्र व्यवहार
• मानव संसाधन प्रबंधन, जेंडर बैलेंस और प्रशिक्षण प्रणाली
इन सभी मानकों को उत्कृष्ट रैंकिंग के साथ पूरा करने पर गाजीपुर थाना वर्ष 2024-25 में पूरे देश में सर्वोत्तम चुना गया।
दिल्ली पुलिस का गर्व का क्षण
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने कहा—
“गाजीपुर थाने को मिला यह सम्मान पूरे दिल्ली पुलिस के लिए गर्व का पल है। हमारी टीम जनता की सुरक्षा और विश्वास के लिए पहले से भी ज्यादा समर्पित होकर काम करेगी। पुलिस का उद्देश्य सदैव नागरिकों की रक्षा और सेवा है।”
गाजीपुर थाना अब न केवल दिल्ली के लिए बल्कि देशभर की पुलिसिंग के लिए एक आदर्श मॉडल बन चुका है। इस पुरस्कार से यह संदेश मिलता है कि जब पुलिस जनता को परिवार समझकर सेवा करती है, तो परिणाम इतिहास रचते हैं। आगे भी यह थाना दोगुनी शक्ति और समर्पण के साथ काम जारी रखेगा।



