Delhi Temple Theft: प्रीत विहार के सनातन धर्म मंदिर से 20 लाख का चांदी का शिवलिंग चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
दिल्ली के प्रीत विहार थाना क्षेत्र में स्थित एक सनातन धर्म मंदिर में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने मंदिर से करीब 20 लाख रुपये मूल्य का चांदी का शिवलिंग चुरा लिया। यह घटना देर रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है, जो मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में साफ तौर पर कैद हो गई है। घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब सुबह मंदिर के कपाट खोले गए और मंदिर से जुड़े लोगों ने शिवलिंग को अपने स्थान से गायब पाया। चांदी के शिवलिंग की चोरी की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया और तुरंत प्रीत विहार थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो युवक मंदिर में घुसकर चांदी का शिवलिंग उठाकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश शुरू कर दी है। मंदिर कमेटी के प्रधान महेश मनोचा ने बताया कि सुबह मंदिर के पुजारी का फोन आया, जिसमें शिवलिंग चोरी होने की जानकारी दी गई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। महेश मनोचा के अनुसार यह चोरी न केवल धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाली है, बल्कि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। मंदिर कमेटी और स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों को पकड़कर चांदी का शिवलिंग बरामद किया जाए और मंदिरों की सुरक्षा को और मजबूत किया जाए।



