Delhi Terror Arrest: ISIS मॉड्यूल का पर्दाफाश, 2 आतंकी गिरफ्तार, IED विस्फोट की योजना रद्द
दिल्ली में इस्लामिक स्टेट (ISIS) से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ है। राजधानी में बड़े IED विस्फोट की कथित योजना बनाने के आरोप में दो आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने एक आतंकी को साउथ दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से और दूसरे को मध्य प्रदेश के राजगढ़ से गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी खुफिया एजेंसियों और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के जॉइंट अभियान के तहत की गई। कथित तौर पर ये आतंकी अपनी योजना को अंजाम देने के अंतिम चरण में थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आतंकियों ने फिदायीन हमलों की ट्रेनिंग ली थी। दोनों आतंकियों की उम्र 20 से 26 साल के बीच बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने आतंकियों की पहचान और अन्य व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। उनकी गिरफ्तारी के समय आतंकियों के पास से विस्फोटक सामग्री, बम बनाने के रसायन जैसे एसिड, सल्फर पाउडर, बॉल बेयरिंग्स और IED सर्किट बरामद किए गए हैं।
सूत्रों ने बताया कि इस ऑपरेशन में बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किए गए। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, एक संदिग्ध की पहचान अदनान के रूप में हुई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह ऑपरेशन अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद कुशवाहा और एसीपी ललित मोहन नेगी के नेतृत्व वाली टीम द्वारा अंजाम दिया गया। गिरफ्तार आतंकियों की जांच और उनसे पूछताछ जारी है, ताकि उनके अन्य सहयोगियों और संभावित योजनाओं का पता लगाया जा सके।



