East Delhi Crime: विनोद नगर में युवक पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद
पूर्वी दिल्ली के पश्चिम विनोद नगर इलाके में एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले का खुलासा करते हुए मधु विहार थाना पुलिस ने दो युवकों और एक किशोर (CCL) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 22 अक्तूबर 2025 को थाना मधु विहार में एक PCR कॉल प्राप्त हुई, जिसमें C-ब्लॉक, वेस्ट विनोद नगर में हत्या के प्रयास की सूचना दी गई थी। घायल युवक को तुरंत एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसके शरीर पर कई जगह चाकू के घाव पाए गए।
पीड़ित के बयान के आधार पर एफआईआर संख्या 337/2025, धारा 109(1)/126(2)/3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO इंस्पेक्टर अरुण कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई सोमेश, हेड कॉन्स्टेबल मोहित और कॉन्स्टेबल अश्वनी शामिल थे।
टीम ने सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की, तकनीकी विश्लेषण किया और स्थानीय स्तर पर सूचना जुटाकर संदिग्धों की पहचान की। तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान रोहन चौधरी (21 वर्ष, निवासी वेस्ट विनोद नगर), हर्ष (19 वर्ष, निवासी वेस्ट विनोद नगर) और एक किशोर (CCL) के रूप में हुई। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, रोहन चौधरी बीसीए का छात्र है, जबकि हर्ष पेशे से फोटोग्राफर है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है और चौथे फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस कार्रवाई से इलाके में सुरक्षा बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी चेतावनी देने का संदेश मिला है।



