Eid Security: पूर्वी दिल्ली में ईद को लेकर हाई अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
ईद के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूर्वी दिल्ली पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। त्योहार के मद्देनज़र पूरे जिले में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। मस्जिदों, ईदगाहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पूर्वी दिल्ली की डीसीपी-2 सृष्टि पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि ईद के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार इलाके में पेट्रोलिंग करेंगी। पुलिस द्वारा प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का तुरंत पता लगाया जा सके और समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार त्योहार के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। त्योहार के दौरान आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की जाएगी।
डीसीपी-2 सृष्टि पांडे ने लोगों से अपील की है कि वे ईद का त्योहार भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहें। यदि किसी व्यक्ति को कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई देता है तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
पूर्वी दिल्ली पुलिस का कहना है कि ईद के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी और सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं ताकि लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार का आनंद उठा सकें। पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।



