Encroachment Action: मयूर विहार फेज-3 में अतिक्रमण पर चला MCD का पीला पंजा, दुकानदारों को चेतावनी
पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 इलाके में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की। फुटपाथ और सड़क की पटरियों पर दुकानदारों की ओर से किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए एमसीडी की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान दिल्ली पुलिस की टीम भी मौजूद रही।
एमसीडी की टीम ने जेसीबी की मदद से फुटपाथ और सड़क की पटरी पर बनाए गए अस्थायी ढांचों तथा वहां रखे गए सामान को हटाकर रास्ते को खाली कराया। कार्रवाई के दौरान उन स्थानों पर विशेष रूप से अतिक्रमण हटाया गया, जहां दुकानदारों ने फुटपाथ और पटरी पर सामान रखकर पैदल चलने वालों के लिए रास्ता बाधित कर रखा था।
कार्रवाई के दौरान निगम पार्षद प्रियंका गौतम भी मौके पर मौजूद रहीं। उन्होंने हाथ में स्पीकर लेकर दुकानदारों को चेतावनी दी कि फुटपाथ या सड़क की पटरी पर दोबारा सामान रखकर अतिक्रमण किया गया तो सामान जब्त करने के साथ दुकान को सील कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
प्रियंका गौतम ने कहा कि फिलहाल फुटपाथ और सड़क की पटरियों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा रहा है। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे दोबारा सार्वजनिक रास्तों पर सामान रखकर अतिक्रमण न करें, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एमसीडी कर्मचारियों के साथ दिल्ली पुलिस की मौजूदगी भी रही। पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी के जरिए फुटपाथ और पटरी पर किए गए अस्थायी निर्माण और अन्य अवरोधों को हटाया गया।
निगम पार्षद ने यह भी कहा कि यदि कार्रवाई के बाद दोबारा उसी स्थान पर अतिक्रमण किया जाता है तो इसकी जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस की होगी। अब देखना होगा कि एमसीडी की इस कार्रवाई के बाद मयूर विहार फेज-3 के फुटपाथ और सड़क की पटरियां लंबे समय तक अतिक्रमण से मुक्त रह पाती हैं या कुछ समय बाद फिर से वहां कब्जे की स्थिति बनती है।



