Delhi Crime: गाजीपुर थाना पुलिस ने ड्रग तस्कर को दबोचा, 400 ग्राम गांजा बरामद
पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 400 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को पूर्वी जिले में चलाए जा रहे “जीरो टॉलरेंस” अभियान के तहत बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय रूपेश कुमार के रूप में हुई है, जो मंडावली स्थित रेलवे कॉलोनी का रहने वाला है। आरोपी को गाजीपुर इलाके के भैंस मंडी डेयरी फार्म के पास संदिग्ध हालत में घूमते हुए पकड़ा गया।
जानकारी के मुताबिक 15 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे गाजीपुर थाना पुलिस की टीम इलाके में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता दिखाई दिया। शक होने पर उसे रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास मौजूद सफेद प्लास्टिक बैग से 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गाजीपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह “दिल्ली” नाम की एक महिला से गांजा खरीदता था, जो उससे प्रीत विहार पार्क के पास मिलती थी। हालांकि आरोपी महिला का पूरा पता या अन्य जानकारी नहीं दे सका।
पुलिस अब आरोपी द्वारा बताए गए इनपुट के आधार पर महिला सप्लायर और पूरे ड्रग नेटवर्क की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच की जा रही है ताकि दिल्ली और आसपास के इलाकों में सक्रिय पूरे नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में एसआई प्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल अरविंद, हेड कांस्टेबल ओपिन और कांस्टेबल वैभव शामिल थे। यह पूरी कार्रवाई एसीपी मधु विहार की निगरानी और एसएचओ गाजीपुर के नेतृत्व में की गई।
पूर्वी जिला पुलिस का कहना है कि इलाके में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी ताकि युवाओं को नशे के जाल से बचाया जा सके।



