Homeक्राइमDelhi Crime: मयूर विहार के नव दुर्गा हनुमान मंदिर में बड़ी चोरी,...

Delhi Crime: मयूर विहार के नव दुर्गा हनुमान मंदिर में बड़ी चोरी, नाबालिग चोर ने दान पेटी से उड़ाए एक लाख रुपये, वारदात CCTV में कैद

Delhi Crime: मयूर विहार के नव दुर्गा हनुमान मंदिर में बड़ी चोरी, नाबालिग चोर ने दान पेटी से उड़ाए एक लाख रुपये, वारदात CCTV में कैद

पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेस-1 स्थित नव दुर्गा हनुमान मंदिर में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक नाबालिग चोर ने मंदिर की दान पेटी से एक लाख रुपये से अधिक की रकम चुरा ली। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार चोरों ने मंदिर में घुसने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया। तड़के करीब 2:45 बजे एक नाबालिग चोर वेंटिलेटर और एग्जॉस्ट फैन के रास्ते मंदिर के अंदर दाखिल हुआ, जबकि उसका एक साथी बाहर खड़े होकर निगरानी करता रहा। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि चोर बड़ी आसानी से मंदिर में प्रवेश करता है और काफी समय तक भीतर मौजूद रहता है। इस दौरान जैसे ही बाहर किसी गाड़ी की लाइट दिखाई देती है, वह तुरंत नीचे छिप जाता है और हालात सामान्य होने पर दोबारा अपनी हरकत शुरू कर देता है।

करीब दो घंटे तक मंदिर के अंदर रहने के बाद चोर ने दान पेटी में रखी एक लाख रुपये से अधिक की नकदी निकाली और मौके से फरार हो गया। सुबह जब मंदिर के पुजारी मुरारी गोस्वामी शास्त्री मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर का सामान बिखरा हुआ है और दान पेटी से पैसे गायब हैं। इसके बाद मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें पूरी चोरी की वारदात सामने आई।मंदिर कमेटी के लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब मंदिर को निशाना बनाया गया हो। करीब एक महीने पहले भी मंदिर में चोरी की घटना हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन उस समय आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। अब एक बार फिर मंदिर में चोरी की वारदात होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी और भय का माहौल है।

पूरे मामले को लेकर पूर्वी दिल्ली के डीसीपी अभिषेक धनिया ने बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल मंदिर प्रशासन और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments