Narela Murder Case: दिल्ली के नरेला में रोंगटे खड़े कर देने वाला कांड, पड़ोसी ने 3 साल के मासूम की हत्या कर बेड पर छोड़ा शव
दिल्ली के नरेला इलाके में दिवाली के दिन दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। यहां एक पड़ोसी युवक ने 3 साल के मासूम बच्चे को अगवा कर बेरहमी से हत्या कर दी और शव अपने घर के बेड पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया है, वहीं पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
मामला बाहरी दिल्ली के नरेला औद्योगिक थाना क्षेत्र के घोघा गांव का है। सोमवार को दिवाली के दिन दो लोग शराब पीकर झगड़ रहे थे। इनमें से एक आरोपी युवक नीतू था, जो बच्चे के पिता संजीव के पास पहले ड्राइवर के रूप में काम कर चुका था। झगड़ा होते देख संजीव ने बीच-बचाव किया और दोनों को अलग कर दिया। संजीव को लगा कि मामला खत्म हो गया है, लेकिन यह झगड़ा उसके मासूम बेटे की जान ले लेगा, यह किसी ने नहीं सोचा था।
पुलिस के मुताबिक, झगड़े के कुछ घंटे बाद आरोपी नीतू ने बदले की नीयत से 3 वर्षीय तेजस को अगवा कर लिया और चाकू से उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को अपने किराये के घर के बेड पर रखकर ताला लगाया और मौके से फरार हो गया। जब तेजस घर से लापता हुआ तो परिवार ने पूरे इलाके में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन जब वह नहीं मिला तो शक के आधार पर उन्होंने आरोपी के घर का दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए — बेड पर मासूम तेजस का शव पड़ा था।
सूचना मिलते ही नरेला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पूरे गांव में गम और आक्रोश का माहौल है। बच्चे की मां, पिता और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नीतू और संजीव के बीच पुरानी रंजिश थी। व्यक्तिगत दुश्मनी के चलते आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस की टीमें कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और आरोपी की गिरफ्तारी जल्द होने की उम्मीद है।



