Delhi Crime: पांडव नगर में पुलिस-पब्लिक मीटिंग, नशा कारोबार और बाल अपराध पर सख्ती, गणतंत्र दिवस को लेकर सतर्कता की अपील
पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर थाना क्षेत्र में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच एक अहम पुलिस-पब्लिक मीटिंग का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की सुरक्षा, सामाजिक बुराइयों और आगामी राष्ट्रीय पर्व 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को लेकर विशेष चर्चा की गई। इस बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी SHO श्री दारासिंह ने की, जबकि ATO पंकज कुमार भी बैठक में मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में फैल रही सामाजिक बुराइयों, खासकर नशीले पदार्थों की बिक्री और नाबालिग बच्चों के अपराध की ओर बढ़ते कदमों को लेकर गहरी चिंता जताई और इन पर रोक लगाने के लिए समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयासों पर जोर दिया।
मीटिंग के दौरान SHO श्री दारासिंह ने कहा कि नशे का कारोबार युवाओं और बच्चों के भविष्य को बर्बाद कर रहा है, इसलिए ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें गलत संगत से दूर रखें, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बन सके। ATO पंकज कुमार ने भी नाबालिगों को अपराध से दूर रखने के लिए समय रहते सतर्कता और पारिवारिक जिम्मेदारी पर जोर दिया।
आगामी गणतंत्र दिवस को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अहम दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध या अनजान व्यक्ति पर नजर रखें और किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। इसके साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे अनजान व्यक्तियों को न तो अपने वाहन बेचें और न ही उनसे वाहन खरीदें, ताकि किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि से बचा जा सके।
RWA और MWA प्रतिनिधियों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने बताया कि यदि किसी गली या मोहल्ले में कोई टू-व्हीलर या फोर-व्हीलर खड़ा कर चला जाए और वह कई दिनों या हफ्तों तक वहीं खड़ा रहे, तो ऐसी स्थिति में वह वाहन लावारिस या चोरी का हो सकता है। ऐसे मामलों में बिना देरी किए तुरंत पुलिस को सूचना देना बेहद जरूरी है।
बैठक में बच्चों से जुड़े छोटे-मोटे विवादों को गंभीरता से लेने की बजाय परिवारजनों से संवाद और समझदारी से समाधान निकालने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि समय रहते बच्चों को सही दिशा देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस पुलिस-पब्लिक मीटिंग में पुलिस मित्र धर्मेंद्र धामा, रियाजुद्दीन सैफी, दिनेश बंसल, जमील शाह, इम्तियाज, शेर अली, कैलाश कोरियन, सुनिता चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने क्षेत्र में एकता, भाईचारे और आपसी सहयोग को मजबूत करने की बात कही और पुलिस को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।



