Bhola Gang Arrest: MCOCA केस में फरार भोला गैंग का बदमाश जहांगीरपुरी से गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने संगठित अपराध के खिलाफ चल रही मुहिम में एक और कामयाबी हासिल की है। क्राइम ब्रांच की NR-II टीम ने उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके से भोला गैंग के एक सदस्य को दबोच लिया है, जिसकी पुलिस लंबे समय से तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी जहांगीरपुरी थाने में मकोका (MCOCA) की धारा 3 और 4 के तहत दर्ज एक मामले में वांछित चल रहा था। मकोका संगठित अपराध से जुड़े मामलों में लगाया जाने वाला सख्त कानून है, जिसके तहत जमानत मिलना भी आसान नहीं होता।
जांच में सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास पुराना है। वह इससे पहले जहांगीरपुरी थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में भी शामिल रह चुका है। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और गैंग के बाकी सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि आरोपी जहांगीरपुरी इलाके में देखा गया है। सूचना की पुष्टि होते ही टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने फिलहाल आरोपी की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
यह ऑपरेशन इंस्पेक्टर नीरज कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। पूरी कार्रवाई एसीपी गिरीश कौशिक के मार्गदर्शन और डीसीपी चंद्र कुमार सिंह की निगरानी में पूरी हुई। दिल्ली पुलिस का कहना है कि राजधानी में सक्रिय गैंगों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



