Ruwa Shah PDP: गिलानी की पोती रुवा शाह की पीडीपी में एंट्री के संकेत, महबूबा मुफ्ती बोलीं- मेरी बेटी जैसी, दरवाजे खुले
जम्मू-कश्मीर की राजनीति में एक नई हलचल शुरू हो गई है। दिवंगत अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी की पोती रुवा शाह के पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) में शामिल होने के संकेत मिले हैं। पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि रुवा उनकी बेटी जैसी हैं और पार्टी के दरवाजे उनके लिए हमेशा खुले हैं।
महबूबा मुफ्ती ने प्रदेश के पढ़े-लिखे युवाओं को भी पार्टी से जुड़ने और मुख्यधारा की राजनीति का हिस्सा बनने का न्योता दिया है। इसके बाद से रुवा शाह की संभावित राजनीतिक एंट्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और विभिन्न दलों की प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता एडवोकेट शौकत अहमद मीर ने इसका स्वागत करते हुए कहा कि किसी अलगाववादी नेता के परिवार से कोई मुख्यधारा में आए, यह अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि यह समझ पहले आई होती तो घाटी में इतना खून-खराबा न होता, अब आगे क्या होगा यह वक्त बताएगा।
वहीं भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने पीडीपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी लंबे समय से कहती आई है कि पीडीपी और हुर्रियत की सोच एक है। उन्होंने पीडीपी को हुर्रियत की ‘बी टीम’ बताया। कांग्रेस नेता शमीमा रैना ने कहा कि महिला का राजनीति में आना अच्छा है, लेकिन यह देखना जरूरी है कि वह किस विचारधारा के साथ आ रही हैं।
रुवा शाह के पिता और गिलानी के दामाद अल्ताफ अहमद शाह उर्फ फंटूश को 2018 में NIA ने टेरर फंडिंग मामले में गिरफ्तार किया था। तिहाड़ जेल में बंद रहने के दौरान अक्टूबर 2022 में दिल्ली एम्स में उनकी मौत हो गई थी।



