ISIS Module Busted: ISIS मॉड्यूल का भंडाफोड़, दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई में 5 आतंकी गिरफ्तार
देश की राजधानी दिल्ली में एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और केंद्रीय एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर आतंकी संगठन ISIS से जुड़े एक बड़े मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन के तहत सुरक्षा एजेंसियों ने अब तक पांच संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कई अन्य से पूछताछ जारी है। सूत्रों के मुताबिक, यह मॉड्यूल पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में था और भारत में आतंकी नेटवर्क फैलाने की कोशिश कर रहा था।
इसे घरेलू आईएसआईएस-प्रेरित नेटवर्क की तरह तैयार किया गया था ताकि देशभर में युवाओं को बरगला कर भर्ती किया जा सके और आतंकी गतिविधियों को अंजाम दिया जा सके। इस संयुक्त अभियान में दिल्ली, मुंबई, मध्य प्रदेश, हैदराबाद और झारखंड में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। छापों के दौरान कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, लैपटॉप, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनसे आतंकी नेटवर्क की गहराई से जानकारी जुटाई जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि ये आतंकी सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग एप्स के जरिए संवाद कर रहे थे और युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने की कोशिश कर रहे थे।
दिल्ली से आफताब और सूफियान को हिरासत में लिया गया है, जबकि झारखंड की राजधानी रांची से दानिश को पकड़ा गया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश और हैदराबाद से भी दो और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। गिरफ्तार आतंकियों से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि उनके नेटवर्क और आगे की योजनाओं का खुलासा हो सके। केंद्रीय एजेंसियों का मानना है कि यह कार्रवाई देश की आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम है, क्योंकि समय रहते इस मॉड्यूल का पर्दाफाश किया गया। यदि यह नेटवर्क सक्रिय हो जाता, तो देश में गंभीर आतंकी हमले की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता था। फिलहाल, पुलिस और एजेंसियां इस मामले में गहन जांच कर रही हैं और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।



