Thursday, February 5, 2026
spot_img
HomeUncategorizedShahdara Building Collapse: शाहदरा के ज्वाला नगर में बड़ा हादसा, शादी की...

Shahdara Building Collapse: शाहदरा के ज्वाला नगर में बड़ा हादसा, शादी की तैयारियों के बीच मकान ढहा, कई लोग मलबे में दबकर घायल

Shahdara Building Collapse: शाहदरा के ज्वाला नगर में बड़ा हादसा, शादी की तैयारियों के बीच मकान ढहा, कई लोग मलबे में दबकर घायल
दिल्ली के शाहदरा स्थित ज्वाला नगर, गली नंबर-6 में आज सुबह ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। एक कच्चा-पक्का दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे तेज धमाके जैसी आवाज हुई और लोग घरों से बाहर निकल आए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम को सूचित किया।
कुछ ही मिनटों में दिल्ली फायर सर्विस, कैट्स एंबुलेंस, डिजास्टर मैनेजमेंट और दिल्ली पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए मशीनों और हाथों दोनों से प्रयास किए गए। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, विनय (30) और उनकी मां रामश्री (लगभग 60) को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया। साथ ही घर में काम कर रहे मिस्त्री और बेलदार भी घायल हुए हैं।
घटना उस समय हुई जब घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार ने कुछ मरम्मत और निर्माण कार्य कराए जाने शुरू किए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माण कार्य के दौरान मिस्त्री द्वारा एक सपोर्ट बीम हटाए जाने से पूरा ढांचा अस्थिर हो गया और अचानक ढह गया, जिससे कई लोग उसके नीचे दब गए।
सभी घायलों को तुरंत जी टीवी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि बाकी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
दूसरी ओर, बचाव दल ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और भारी मशीनरी की मदद से मलबा हटाने का काम जारी है। आशंका है कि मलबे में एक-दो लोग और फंसे हो सकते हैं, इसलिए राहत कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हैं और पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने में लगी है।
हादसे के कारणों की पुष्टि के लिए प्रशासन द्वारा तकनीकी जांच कराई जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि बचाव कार्य पूरा होने के बाद बिल्डिंग के गिरने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments