Delhi Cyber Fraud Bust: निवेश के नाम पर ठगी करने वाला इंटरस्टेट गैंग ध्वस्त, 5 आरोपी गिरफ्तार
Delhi Police की ईस्ट डिस्ट्रिक्ट साइबर पुलिस ने एक बड़े इंटरस्टेट साइबर फ्रॉड रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह ऑनलाइन निवेश और टास्क-बेस्ड फ्रॉड के जरिए लोगों को झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई तकनीकी जांच, बैंक ट्रांजैक्शन ट्रेल और लगातार निगरानी के आधार पर की गई।
गिरफ्तार आरोपी उत्तराखंड के उधम सिंह नगर से पकड़े गए हैं, जो देशभर में साइबर ठगों को “म्यूल बैंक अकाउंट” उपलब्ध कराने का काम करते थे। इस मामले की शुरुआत न्यू अशोक नगर निवासी शिकायतकर्ता से हुई, जिन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर फर्जी डिजिटल मार्केटिंग और निवेश स्कीम में फंसाया गया। आरोपियों ने उन्हें मोटे मुनाफे का लालच देकर ₹1,01,869 की ठगी कर ली।
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की गई, जिन्हें आरोपी कमीशन के बदले उपलब्ध कराते थे। आरोपियों की पहचान राज बच्छार, समीर बच्छार, रोहित रे, रोहित मिस्त्री और हरीश सरकार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें फर्जी ट्रांजैक्शन और धोखाधड़ी से जुड़े अहम सबूत मिले हैं। आरोपियों का काम देशभर में साइबर अपराधियों के लिए बैंक अकाउंट उपलब्ध कराना और पैसों की लेयरिंग करना था, जिससे असली अपराधियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाए।



