Delhi Police: पूर्वी दिल्ली में बड़ी कार्रवाई, दो इंटरस्टेट लुटेरे और ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार
पूर्वी जिले की AATS टीम ने चोरी, स्नैचिंग और वाहन चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो इंटरस्टेट लुटेरों और ऑटो लिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 चोरी के दोपहिया वाहन और 5 चोरी व स्नैच किए गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी से दिल्ली और नोएडा के कई मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक ईस्ट डिस्ट्रिक्ट में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। ACP ऑपरेशन पवन कुमार की निगरानी और AATS प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद सिंह के नेतृत्व में टीम लगातार निगरानी, CCTV विश्लेषण और स्थानीय इनपुट पर काम कर रही थी।
19 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग की घटना में शामिल दो आरोपी चोरी की बाइक पर न्यू अशोक नगर इलाके में आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया। इसी दौरान काली हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजबीर कॉलोनी निवासी मनोज उर्फ विनय उर्फ टिल्लू और गढ़ोली निवासी अनुराग उर्फ अंकित के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि बरामद बाइक मंडावली इलाके से चोरी की गई थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 4 और चोरी की मोटरसाइकिल, एक चोरी की स्कूटी और 5 चोरी व स्नैच किए गए मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस के अनुसार आरोपी मनोज थाना गाजीपुर का घोषित बदमाश (BC) है और उसके खिलाफ लूट, चोरी और स्नैचिंग के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। उसका करीब 15 साल का आपराधिक रिकॉर्ड है। वहीं अनुराग ई-रिक्शा चलाने का काम करता था और वारदातों में मनोज का साथ देता था।
बरामद वाहनों में हीरो स्प्लेंडर, हीरो पैशन प्रो, होंडा एक्टिवा और यामाहा बाइक शामिल हैं। जबकि मोबाइल फोन में वीवो, ओप्पो, वनप्लस और सैमसंग कंपनियों के फोन बरामद हुए हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के मंडावली, लक्ष्मी नगर, मधु विहार, कल्याणपुरी, न्यू अशोक नगर और प्रीत विहार समेत कई मामलों का खुलासा हुआ है। नोएडा सेक्टर-24 का एक मोबाइल स्नैचिंग मामला भी सुलझा लिया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों के अन्य साथियों और चोरी के सामान खरीदने वाले रिसीवरों की तलाश में जुटी है। जांच जारी है।



