Crime News: लड़की के बारे में जानकारी के शक में युवक पर जानलेवा हमला, CCTV वायरल
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र स्थित त्रिलोकपुरी में एक युवक पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ पुरुषों के साथ महिलाएं भी युवक की पिटाई करती दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित की पहचान सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। सुरेंद्र का आरोप है कि बुधवार शाम करीब पांच बजे वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोगों ने दरवाजे पर दस्तक दी। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया और उसे घर से घसीटकर बाहर ले आए। इसके बाद लाठी-डंडों, ईंटों और चाकू से उस पर हमला किया गया।
पीड़ित के अनुसार, उसके एक रिश्तेदार ने तिलक नगर क्षेत्र की रहने वाली एक बालिग युवती से प्रेम विवाह किया है। युवती के परिजनों को शक था कि सुरेंद्र सिंह को दोनों के ठिकाने की जानकारी है। इसी शक के आधार पर आरोपी उसके घर पहुंचे और युवती के बारे में पूछताछ करने लगे। सुरेंद्र द्वारा जानकारी होने से इनकार करने पर आरोपियों ने कथित रूप से उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
वायरल सीसीटीवी फुटेज में कई लोग मिलकर युवक की बेरहमी से पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में एक व्यक्ति के हाथ में चाकू भी नजर आ रहा है, जबकि अन्य लोग लाठी-डंडों और ईंटों से हमला करते दिखाई देते हैं।
घटना के बाद घायल युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



