शकरपुर के स्पा सेंटर पर पुलिस की बड़ी रेड, मसाज पार्लर की आड़ में देह व्यापार का आरोप, 15 लोग हिरासत में
राजधानी दिल्ली के शकरपुर इलाके में पुलिस ने एक स्पा सेंटर पर छापेमारी कर कथित देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से सात महिलाओं और आठ ग्राहकों सहित कुल 15 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को शकरपुर क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर में मसाज पार्लर की आड़ में कथित देह व्यापार चलने की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर शकरपुर थाना पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर से सात महिलाओं, जिनमें तीन विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, और आठ ग्राहकों को हिरासत में लिया। पूर्वी दिल्ली की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सृष्टि पांडे ने बताया कि स्पा सेंटर के मालिक निखिल और उसके तीन सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस कथित रैकेट का संचालन कब से किया जा रहा था और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है। विदेशी महिलाओं के दस्तावेजों और उनके भारत में रहने की वैधता की भी जांच की जा रही है।



