गांधी नगर पुलिस ने फैक्ट्री चोरी का किया खुलासा, मुख्य आरोपी और नाबालिग साथी गिरफ्तार
शाहदरा जिले की गांधी नगर थाना पुलिस ने फैक्ट्री में चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी और एक चोरी की स्कूटी बरामद की है। जांच के दौरान दोनों आरोपियों की संलिप्तता दो अन्य वाहन चोरी के मामलों में भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, राजगढ़ कॉलोनी निवासी नागेंद्र मेहतो की शिकायत पर 24 जून 2026 को ई-एफआईआर संख्या 800518867 के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात बदमाश फैक्ट्री का गेट तोड़कर अंदर घुसे और नकदी चोरी कर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने स्थानीय मुखबिरों की मदद ली और आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 21 वर्षीय सलमान को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके 17 वर्षीय नाबालिग साथी को भी पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 7,000 रुपये की चोरी की नकदी बरामद की। इसके अलावा एक चोरी की स्कूटी भी बरामद हुई, जो गांधी नगर थाने में दर्ज एक अन्य वाहन चोरी के मामले से जुड़ी मिली। जांच में एक और स्कूटी चोरी के मामले में भी दोनों की संलिप्तता सामने आई है। पूछताछ में सलमान ने बताया कि वह स्मैक और शराब का आदी है तथा नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी, सेंधमारी और स्नैचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक मामलों में शामिल होने की भी जांच कर रही है।



