पेपर लीक पर कांग्रेस का हमला, विजेंद्र चौधरी बोले- छात्रों के भविष्य से हो रहा खिलवाड़
पूर्वी दिल्ली की पटपड़गंज जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजेंद्र चौधरी ने मीडिया को संबोधित करते हुए छात्रों के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राजस्थान के कोटा में छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के माध्यम से युवाओं की आवाज को मजबूती दी है। विजेंद्र चौधरी ने कहा कि देश के लाखों छात्र कड़ी मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार होने वाली पेपर लीक की घटनाएं उनके सपनों और भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की कमी के कारण मेहनती छात्रों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।
कोटा में छात्रों से मुलाकात के दौरान उन्होंने उनकी परेशानियों को समझा और यह संदेश दिया कि छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। विजेंद्र चौधरी ने मांग की कि सरकार पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करे और ऐसी पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करे, जिससे छात्रों को निष्पक्ष और भरोसेमंद परीक्षा प्रणाली मिल सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकारों और उनके बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष जारी रखेगी। छात्रों को न्याय और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।



