Delhi Police Mock Drill: दिल्ली में आतंकी हमले जैसी गूंज से मचा हड़कंप, बाद में सामने आई पूरी सच्चाई
नई दिल्ली, 1 जुलाई : पूर्वी दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित ऑडिटोरियम में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि परिसर के भीतर गोलियों की आवाजें आ रही हैं और तीन से चार संदिग्ध आतंकवादी अंधाधुंध फायरिंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस के साथ अन्य टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हो गईं। हालांकि बाद में पता चला कि यह कोई वास्तविक आतंकी हमला नहीं, बल्कि दिल्ली पुलिस की विशेष मॉक ड्रिल थी।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:04 बजे कंट्रोल रूम को आपातकालीन सूचना मिली कि यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के ऑडिटोरियम में आतंकवादी घुस गए हैं और लगातार फायरिंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही विवेक विहार थाना पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई। एसएचओ हरकेश गाबा के नेतृत्व में हथियारों से लैस पुलिस टीम कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंची और पूरे परिसर को घेरकर ऑपरेशन शुरू कर दिया।
अभ्यास के दौरान पुलिस ने घायल लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। साथ ही जवाबी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध आतंकवादी को निष्क्रिय करने और दूसरे को जीवित गिरफ्तार करने की रणनीति का भी अभ्यास किया गया। पूरे ऑपरेशन में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया, आधुनिक रणनीति और विभिन्न टीमों के बीच बेहतरीन समन्वय देखने को मिला।
सीबीडी शाहदरा के फेयर अधिकारी समन सिंह ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई एक योजनाबद्ध मॉक ड्रिल का हिस्सा थी। इसका उद्देश्य आतंकवादी हमले जैसी आपात परिस्थितियों में पुलिस की तैयारियों, प्रतिक्रिया क्षमता और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का परीक्षण करना था। इस तरह के अभ्यास सुरक्षा एजेंसियों को वास्तविक परिस्थितियों में और अधिक प्रभावी ढंग से काम करने के लिए तैयार करते हैं।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस मॉक ड्रिल के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी आतंकी या आपात स्थिति में सुरक्षा बल कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से कार्रवाई कर सकते हैं। साथ ही आम लोगों को भी यह संदेश दिया गया कि राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क है और किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पुलिस एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियां हर समय तैयार हैं।



