Road Rage: दिल्ली के प्रीत विहार में पुलिस के सामने सड़क पर मारपीट, डंडे से युवक का सिर फूटा
पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार थाना क्षेत्र में रविवार को कथित रोड रेज की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। आरोप है कि रॉन्ग साइड से आ रही एक कार को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच सड़क पर जमकर मारपीट हुई और इस दौरान एक युवक का सिर डंडे से फोड़ दिया गया। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रॉन्ग साइड से आ रही कार में सवार पिता-पुत्र का सामने से आ रही दूसरी कार चालक से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। बताया जा रहा है कि जिस कार पर हमला हुआ, उसमें एक परिवार भी मौजूद था। आरोप है कि दोनों आरोपियों ने कार सवार लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान आरोप है कि एक पक्ष ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में ही एक व्यक्ति ने पीसीआर वाहन से डंडा निकालकर दूसरे पक्ष के युवक के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि घटना के दौरान कुछ पुलिसकर्मी तत्काल हस्तक्षेप करने के बजाय स्थिति को देखते रहे और कथित तौर पर वीडियो बनाते रहे। बाद में राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग कराया।
घटना के बाद पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए प्रीत विहार थाने ले गई। फिलहाल मामले की जांच जारी है। वायरल वीडियो और पीड़ित के आरोपों के आधार पर पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।



