Delhi BJP: फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियलिस्ट एसोसिएशन ने भाजपा के नवनियुक्त पदाधिकारियों का किया भव्य सम्मान
नई दिल्ली। फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियलिस्ट एसोसिएशन, शाहदरा द्वारा श्याम पैलेस, मानसरोवर पार्क मेट्रो स्टेशन के निकट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में महत्वपूर्ण दायित्व प्राप्त करने वाले एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों के सम्मान में एक भव्य अभिनंदन एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फ्रेंड्स कॉलोनी औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों, उद्यमियों और एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर नवनियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया।
समारोह के दौरान डॉ. अनिल गुप्ता को भारतीय जनता पार्टी, दिल्ली प्रदेश का मुख्य प्रवक्ता, पंकज लूथरा को झिलमिल वार्ड के निगम पार्षद एवं उत्तर-पूर्वी ज़ोन, एमसीडी के चेयरमैन, तथा विनीत जैन को भाजपा शाहदरा जिला का जिला प्रवक्ता बनाए जाने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उपस्थित उद्योगपतियों और एसोसिएशन सदस्यों ने उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में डॉ. अनिल गुप्ता ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा दिया गया नया दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ जनसेवा, राष्ट्रसेवा और उद्योग जगत की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि वे समाज, व्यापार और उद्योग जगत के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।
पंकज लूथरा ने कहा कि जनता द्वारा व्यक्त विश्वास उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने झिलमिल वार्ड सहित पूरे क्षेत्र में स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं, नागरिक सेवाओं और विकास कार्यों को नई गति देने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
वहीं, विनीत जैन ने कहा कि पार्टी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी उनके लिए सेवा का अवसर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे संगठन की विचारधारा, जनकल्याणकारी योजनाओं और उद्योग जगत की समस्याओं को प्रभावी ढंग से समाज एवं सरकार के समक्ष रखने का कार्य पूरी प्रतिबद्धता के साथ करेंगे।
एसोसिएशन के प्रधान हरीश गर्ग ने कहा कि यह पूरे फ्रेंड्स कॉलोनी औद्योगिक क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों को भाजपा ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उन्होंने कहा कि इससे उद्योग जगत और सरकार के बीच बेहतर संवाद स्थापित होगा तथा व्यापारिक समुदाय की समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी।
एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष दीपाराम चौधरी ने कहा कि यह सम्मान केवल तीन व्यक्तियों का नहीं बल्कि पूरे उद्योग जगत का सम्मान है। उन्होंने कहा कि इससे समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और औद्योगिक विकास के कार्यों को नई ऊर्जा मिलेगी।
कार्यक्रम में हरीश गर्ग, दीपाराम चौधरी, रोहित जिंदल, पारस चौधरी, अमित जैन, दिनेश राजपुरोहित, वीरेंद्र पटेल, राजीव अग्रवाल, रिंकू कुमार, पंकज जैन, राजेश जैन, प्रेरित जैन (टन्नू), अशोक शुक्ला, शिवकुमार लांबा, विनोद सरन और अरविंद अरोड़ा सहित अनेक प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं एसोसिएशन सदस्य मौजूद रहे। सभी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उद्योग, समाज और राष्ट्रहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों के सफल कार्यकाल, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उद्योग जगत के विकास, समाज सेवा और राष्ट्रहित के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।



