Homeक्राइमPackers Movers Fraud: फर्जी पैकर्स एंड मूवर्स गिरोह का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार,...

Packers Movers Fraud: फर्जी पैकर्स एंड मूवर्स गिरोह का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार, पूरा घरेलू सामान बरामद

Packers Movers Fraud: फर्जी पैकर्स एंड मूवर्स गिरोह का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार, पूरा घरेलू सामान बरामद

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने फर्जी पैकर्स एंड मूवर्स के जरिए लोगों से ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने घर का सामान शिफ्ट करने के नाम पर शिकायतकर्ता से अतिरिक्त पैसे वसूलने के बाद सामान की डिलीवरी नहीं की थी। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और लगातार जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर गुरुग्राम से शिकायतकर्ता का पूरा घरेलू सामान बरामद कर लिया। जांच के दौरान आरोपी की संलिप्तता शकरपुर थाने के एक अन्य आपराधिक मामले में भी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को लक्ष्मी नगर निवासी कुमार विकास आनंद की शिकायत पर ई-एफआईआर संख्या 80056467/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने अपना घरेलू सामान दिल्ली से बिहार भेजने के लिए स्पेस लॉजिस्टिक्स पैकर्स एंड मूवर्स की सेवाएं ली थीं। कंपनी के प्रतिनिधियों ने 1 जुलाई और 8 जुलाई को उनके घर से पूरा सामान ले लिया।

सामान लेने के बाद आरोपी ने डिलीवरी करने के बजाय 20 हजार रुपये अतिरिक्त मांगने शुरू कर दिए। शिकायतकर्ता ने पहले 500 रुपये और बाद में 19,500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी कर दिए, लेकिन इसके बावजूद न तो सामान पहुंचाया गया और न ही पैसे लौटाए गए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।

मामले की जांच हेड कांस्टेबल मनोज खारी को सौंपी गई। थाना लक्ष्मी नगर के एसएचओ के निर्देशन और एसीपी प्रीत विहार के मार्गदर्शन में हेड कांस्टेबल मनोज खारी और हेड कांस्टेबल प्रवीण तियोतिया की टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने आरोपी और उसके फर्जी कार्यालय का पता लगाने के लिए लगातार छापेमारी की। आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल नंबर को तकनीकी निगरानी में रखा गया और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया।

तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने गुरुग्राम के विष्णु गार्डन निवासी 26 वर्षीय अजय कुमार सिंह की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने उस स्थान की जानकारी दी जहां शिकायतकर्ता का घरेलू सामान छिपाकर रखा गया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गुरुग्राम से शिकायतकर्ता का पूरा घरेलू सामान बरामद कर लिया। बरामद सामान में 15 कार्टन बॉक्स, रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, एलसीडी टेलीविजन, रसोई का सामान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं तथा अन्य कीमती सामान शामिल हैं। पुलिस ने पूरे सामान को विधिक प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी अजय कुमार सिंह शकरपुर थाना में दर्ज एफआईआर संख्या 162/2026 के एक अन्य मामले में भी वांछित था। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने न केवल ठगी के इस मामले का खुलासा किया, बल्कि एक अन्य आपराधिक मामले का भी सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इसी तरह कितने अन्य लोगों को अपना शिकार बनाया है तथा उसके साथ इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments