Liquor Smuggling: दिल्ली में 147 पेटी अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, हरियाणा से हो रही थी सप्लाई
नई दिल्ली। आगामी त्योहारी सीजन से पहले पूर्वी जिला दिल्ली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी (ASB) सेल ने हरियाणा से दिल्ली लाई जा रही 147 पेटी अवैध शराब बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब की खेप ले जा रहे टाटा ऐस गोल्ड (छोटा हाथी) वाहन को भी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ गाजीपुर थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/58 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पूर्वी जिला पुलिस के अनुसार, त्योहारी सीजन के मद्देनजर अवैध शराब, हथियार तस्करी और अन्य संगठित अपराधों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसीपी ऑपरेशन पवन कुमार के निर्देशन में एएसबी सेल की टीम का गठन किया गया। टीम में एसआई अजय तोमर, एएसआई साबू, हेड कांस्टेबल शैलेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल सुबोध, हेड कांस्टेबल मनेंद्र और कांस्टेबल मोरध्वज शामिल थे। टीम लगातार खुफिया जानकारी जुटाकर अवैध शराब तस्करों पर नजर रख रही थी।
2 और 3 अगस्त की दरम्यानी रात पुलिस को सूचना मिली कि गाजीपुर श्मशान घाट के पास एक टाटा ऐस वाहन में बड़ी मात्रा में हरियाणा से अवैध शराब दिल्ली लाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान दिल्ली आबकारी विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों टीमों ने संदिग्ध वाहन को रोक लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय मोहित के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के शामली जिले के सेवापुर गांव का रहने वाला है। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 147 पेटी अवैध शराब बरामद हुई, जिस पर “फॉर सेल इन हरियाणा ओनली” अंकित था। पुलिस ने शराब के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल किया गया टाटा ऐस गोल्ड वाहन भी जब्त कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पिछले पांच से छह वर्षों से चालक का काम कर रहा है। इसी दौरान उसकी पहचान अवैध शराब तस्करी से जुड़े लोगों से हुई और अधिक पैसे कमाने के लालच में वह इस धंधे से जुड़ गया। आरोपी ने बताया कि उसे हरियाणा से शराब उठाकर दिल्ली के गाजीपुर श्मशान घाट के पास पहुंचाने का काम कमीशन के बदले दिया जाता था। वारदात वाले दिन भी वह हरियाणा से शराब की खेप लेकर दिल्ली पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही उसे दबोच लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत पांच मामले दर्ज हैं। इसके बावजूद वह लगातार अवैध शराब की तस्करी में सक्रिय था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप किसने भेजी थी, इसे दिल्ली में किसे पहुंचाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बरामद शराब में 104 पेटी “संतरा” देसी शराब, 17 पेटी “रेस-7” देसी शराब और 26 पेटी “मुरथल नंबर-1” देसी शराब शामिल है। कुल मिलाकर 147 पेटी अवैध शराब और एक टाटा ऐस गोल्ड वाहन पुलिस ने जब्त किया है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करी में शामिल पूरे गिरोह की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है।



