Anurag Kumar: आईपीएस अनुराग कुमार बने दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर, सतीश गोलछा की जगह संभाला कार्यभार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को नया पुलिस आयुक्त मिल गया है। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने 1994 बैच के AGMUT कैडर के आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है। उन्होंने 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सतीश गोलछा का स्थान लिया है। गृह मंत्रालय के आदेश जारी होने के कुछ ही घंटों के भीतर अनुराग कुमार ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचकर नए पुलिस आयुक्त के रूप में अपना कार्यभार भी संभाल लिया।
गृह मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आधिकारिक आदेश में कहा गया कि सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद अनुराग कुमार, आईपीएस (AGMUT:1994) को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस का आयुक्त नियुक्त किया जाता है। इस नियुक्ति के साथ ही दिल्ली पुलिस के शीर्ष नेतृत्व में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।
अनुराग कुमार इससे पहले इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। लंबे प्रशासनिक और खुफिया अनुभव के कारण उन्हें देश के वरिष्ठ और अनुभवी आईपीएस अधिकारियों में गिना जाता है। अब उन्हें देश की राजधानी की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दिलचस्प बात यह रही कि गृह मंत्रालय द्वारा सतीश गोलछा को पद से हटाने का आदेश जारी होने के लगभग दो घंटे के भीतर ही अनुराग कुमार ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। दिल्ली पुलिस के इतिहास में यह पहली बार माना जा रहा है कि पुलिस आयुक्त के पद पर इतना तेज़ी से बदलाव हुआ और नए अधिकारी ने तत्काल जिम्मेदारी संभाल ली।
गृह मंत्रालय ने अपने आदेश में 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सतीश गोलछा को दिल्ली पुलिस आयुक्त के पद से हटाते हुए निर्देश दिया है कि वह नए पुलिस आयुक्त द्वारा कार्यभार ग्रहण करने के बाद अपनी अगली नियुक्ति के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) को रिपोर्ट करें।
गौरतलब है कि सतीश गोलछा का कार्यकाल अगले वर्ष मई तक प्रस्तावित था। ऐसे में उनके कार्यकाल समाप्त होने से लगभग 11 महीने पहले ही उन्हें पद से हटाए जाने के फैसले ने प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है। हालांकि गृह मंत्रालय की ओर से इस बदलाव के पीछे कोई आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है।
अनुराग कुमार के सामने राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने, साइबर अपराध, संगठित अपराध, महिलाओं की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और संवेदनशील मामलों से प्रभावी ढंग से निपटने जैसी कई महत्वपूर्ण चुनौतियां होंगी। उनके खुफिया एजेंसियों में लंबे अनुभव को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि वह आधुनिक पुलिसिंग और बेहतर समन्वय के जरिए दिल्ली पुलिस को नई दिशा देंगे।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नए पुलिस आयुक्त का स्वागत किया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अनुराग कुमार कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस प्रशासन को लेकर अपनी प्राथमिकताओं और रणनीति को स्पष्ट करेंगे।



