Auto Lifter Arrested: साउथ दिल्ली में वाहन और मोबाइल चोरी करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, 5 स्कूटी और मोबाइल बरामद
दक्षिणी दिल्ली में लगातार वाहन और मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर ऑटो लिफ्टर को साउथ डिस्ट्रिक्ट की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच चोरी की स्कूटियां और एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी की गिरफ्तारी से दक्षिणी दिल्ली के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज पांच वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप उर्फ परवीन के रूप में हुई है, जो दक्षिणी दिल्ली के मदनगीर स्थित अंबेडकर नगर इलाके का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग जैसी वारदातों में सक्रिय था और साउथ दिल्ली के कई इलाकों को अपना निशाना बनाता था।
दक्षिणी जिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने बताया कि एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड की टीम को लगातार मिल रही सूचनाओं और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई अहम खुलासे किए। उसने स्वीकार किया कि वह साकेत, नेब सराय, अंबेडकर नगर और मैदानगढ़ी सहित कई इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी करता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच चोरी की स्कूटियां और एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि प्रदीप उर्फ परवीन पहले भी दक्षिणी दिल्ली के अमर कॉलोनी, ग्रेटर कैलाश, अंबेडकर नगर, मालवीय नगर और साकेत थाना क्षेत्रों में करीब 14 आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पुलिस के रिकॉर्ड में एक सक्रिय अपराधी के रूप में शामिल रहा है।
इस पूरे ऑपरेशन को एसीपी ऑपरेशन ऋतुराज के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया। इंस्पेक्टर अमित दत्त शर्मा के नेतृत्व में एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड की टीम ने तकनीकी निगरानी, स्थानीय सूचना तंत्र और लगातार की गई जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने चोरी किए गए अन्य वाहनों को कहां बेचा या छिपाया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसके साथ इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान वाहन चोरी और मोबाइल चोरी के कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
दक्षिणी जिला पुलिस ने कहा है कि वाहन चोरी और स्ट्रीट क्राइम पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। लोगों से भी अपील की गई है कि अपने वाहनों में सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



