Delhi Crime: अवैध हथियार और कारतूस के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार, वारदात की फिराक में था आरोपी
नई दिल्ली। पूर्वी जिला पुलिस की पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने एक शातिर अपराधी को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि समय रहते की गई कार्रवाई से चोरी और स्नैचिंग जैसी संभावित वारदात को टाल दिया गया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध हथियार रखने और उनकी तस्करी में शामिल अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और निगरानी कर रही थी।
22 और 23 जून 2026 की दरम्यानी रात करीब 2:40 बजे पुलिस टीम आईएसबीटी आनंद विहार के आउट गेट के पास रोड नंबर-56 पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। पुलिस को देखकर युवक घबरा गया और आनंद विहार की ओर भागने लगा।
संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 29 वर्षीय आमिर के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित शहीद नगर का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अवैध हथियार के बल पर चोरी और स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। हालांकि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते उसकी योजना नाकाम हो गई।
इस संबंध में पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत एफआईआर संख्या 229/2026 दर्ज की गई है। पुलिस अब बरामद हथियार के स्रोत, आरोपी के अन्य साथियों और उसकी आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आमिर पांचवीं कक्षा तक पढ़ा हुआ है और ई-रिक्शा चलाकर जीविका चलाता है। उसने पूछताछ में नशे की लत होने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार वह स्मैक, ड्रग्स और शराब का आदी है।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी लंबा रहा है। उसके खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं। वर्ष 2016 और 2019 में उसके खिलाफ उत्तर-पूर्वी और पूर्वी दिल्ली के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह किसी बड़े आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं। साथ ही अवैध हथियार की सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है।



