Delhi Crime: आनंद विहार पुलिस ने दबोचे दो शातिर स्नैचर, मोबाइल झपटमारी के दो मामले सुलझाए
नई दिल्ली। शाहदरा जिले के आनंद विहार थाना पुलिस की क्रैक टीम ने मोबाइल झपटमारी की वारदातों में शामिल दो सक्रिय स्नैचरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा एक्टिवा स्कूटी और एक छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तारी के साथ मोबाइल स्नैचिंग के दो मामलों का खुलासा हो गया है।
पुलिस के अनुसार 20 जून 2026 की रात करीब 12:35 बजे सीबीडी ग्राउंड, शाहदरा के पास मोबाइल फोन झपटमारी की घटना हुई थी। पीड़िता गीता लूथरा की शिकायत पर आनंद विहार थाने में एफआईआर संख्या 234/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई अशोक राजबनिया, एएसआई दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल लोकेश और हेड कांस्टेबल सोनू की टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक सफेद रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी पर सवार दो युवक वारदात को अंजाम देते दिखाई दिए।
तकनीकी जांच और सीसीटीवी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने स्कूटी की पहचान कर उसके उपयोगकर्ता की जानकारी जुटाई। जांच में स्कूटी का संबंध धर्मपुरा गांधी नगर और साउथ अनारकली निवासी 28 वर्षीय दिशांत तलवार से जुड़ा मिला। आगे की जांच में यह भी सामने आया कि इसी स्कूटी का इस्तेमाल एक अन्य मोबाइल स्नैचिंग मामले एफआईआर संख्या 236/26 में भी किया गया था।
लगातार निगरानी और तकनीकी सर्विलांस के बाद पुलिस ने दिशांत तलवार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा एक्टिवा और एफआईआर संख्या 234/26 से संबंधित छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पूछताछ में दिशांत ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी 23 वर्षीय फुरकान उर्फ अफसर के साथ मिलकर दोनों वारदातों को अंजाम दिया था। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने शास्त्री पार्क निवासी फुरकान उर्फ अफसर को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे शराब के आदी हैं और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए मोबाइल झपटमारी की घटनाएं करते थे। वारदात के बाद छीने गए मोबाइल फोन को बेहद कम कीमत पर बेचकर पैसे जुटाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा स्कूटी, एक छीना गया मोबाइल फोन और अपराध के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस अब दूसरे मामले में छीने गए एप्पल आईफोन सहित अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
जांच में सामने आया है कि दिशांत तलवार पहले भी चोरी, स्नैचिंग और अन्य अपराधों के पांच मामलों में शामिल रह चुका है, जबकि फुरकान उर्फ अफसर के खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों से आगे भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे अन्य स्नैचिंग और चोरी की वारदातों में भी शामिल रहे हैं या नहीं। साथ ही अन्य चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है।



