Sanjay Lake Delhi: संजय झील में मछलियों की मौत से हड़कंप, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
पूर्वी दिल्ली स्थित संजय झील से बेहद चिंताजनक तस्वीरें सामने आई हैं। झील का जलस्तर लगातार घटने के कारण बड़ी संख्या में मछलियां तड़प-तड़प कर मर रही हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पानी बेहद कम रह गया है और मछलियां ऑक्सीजन के लिए छटपटा रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संजय झील, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग सैर और व्यायाम के लिए पहुंचते हैं, अब बदबू और गंदगी का केंद्र बनती जा रही है। झील में मरी हुई मछलियों के कारण आसपास का माहौल भी खराब हो गया है।
लोगों ने इस पूरी स्थिति के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। सवाल उठाए जा रहे हैं कि आखिर संबंधित विभाग और जिम्मेदार एजेंसियां अब तक क्यों चुप हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि समय रहते झील में पानी की व्यवस्था नहीं की गई, जिसके चलते यह स्थिति पैदा हुई।
पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि अगर जल्द कदम नहीं उठाए गए तो झील का पारिस्थितिक संतुलन पूरी तरह बिगड़ सकता है और बड़ी संख्या में जलीय जीवों की मौत हो सकती है।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि झील में तुरंत पानी छोड़ा जाए, जलस्तर सामान्य किया जाए और मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
संजय झील की यह तस्वीरें अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर रही हैं। इलाके के लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।



