Homeदिल्ली-एनसीआरGovindpuri Double Murder: गोविंदपुरी में डबल मर्डर से सनसनी, मां-बेटे की चाकू...

Govindpuri Double Murder: गोविंदपुरी में डबल मर्डर से सनसनी, मां-बेटे की चाकू से गोदकर हत्या

Govindpuri Double Murder: गोविंदपुरी में डबल मर्डर से सनसनी, मां-बेटे की चाकू से गोदकर हत्या

राजधानी दिल्ली के दक्षिणी-पूर्वी जिले के गोविंदपुरी इलाके में बुधवार देर रात दिल दहला देने वाली डबल मर्डर की वारदात सामने आई है। गली नंबर-10 में एक महिला और उसके नाबालिग बेटे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हत्या के पीछे लूट, परिचित या निजी रंजिश समेत तमाम एंगल से जांच की जा रही है।

मृतकों की पहचान 40 वर्षीय शारदा और उनके 14 वर्षीय बेटे खुशहाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वारदात बुधवार रात करीब 12:30 बजे की है। महिला का पति जब बाजार से घर लौटा तो उसने पत्नी और बेटे को घर के किचन में खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

परिजनों के मुताबिक घर से करीब 10 से 12 लाख रुपये नकद और सोना-चांदी भी गायब है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद आरोपी नकदी और जेवर लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार मृतक परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं का रहने वाला था और पिछले करीब 15 वर्षों से गोविंदपुरी इलाके में रह रहा था। मृतक महिला का पति सब्जी व्यापारी है और साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाता है।

घटना की सूचना मिलते ही दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

मौके पर पहुंचे ज्वाइंट सीपी विजय कुमार ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में घर में जबरन घुसने के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस को शक है कि आरोपी परिवार का परिचित हो सकता है और घर में उसकी एंट्री फ्रेंडली तरीके से हुई थी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल एक या दो लोगों के वारदात में शामिल होने की आशंका है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम सबूत जुटाए हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

डबल मर्डर की इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments