Delhi Crime: खिचड़ीपुर में अवैध शराब कारोबार पर पूरी तरह लगी रोक
पूर्वी दिल्ली के खिचड़ीपुर इलाके में वर्षों से फल-फूल रहा अवैध शराब कारोबार आखिरकार बंद हो गया है। इस कार्रवाई का श्रेय A1 न्यूज़ की उस रिपोर्ट को जाता है जिसने इस अवैध धंधे को उजागर किया और स्थानीय प्रशासन को सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर किया।
कुछ दिन पहले A1 न्यूज़ ने खिचड़ीपुर के 7 ब्लॉकों में खुलेआम चल रही अवैध शराब की बिक्री पर स्टिंग ऑपरेशन के जरिए रिपोर्ट प्रसारित की थी। रिपोर्ट सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने भी आवाज बुलंद की और पुलिस प्रशासन हरकत में आया।
पड़पड़गंज विधानसभा से विधायक रविंद्र नेगी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कसने के आदेश दिए। इसके बाद कल्याणपुरी थाना पुलिस, SHO मुकेश बलिया और बीट कांस्टेबलों की टीम ने एक अभियान चलाकर इलाके में चल रही अवैध शराब बिक्री को पूरी तरह रोक दिया।
खिचड़ीपुर में 25 साल से जारी इस काले कारोबार के खत्म होने पर इलाके में खुशी का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने इस सफलता का जश्न मनाते हुए विधायक रविंद्र नेगी और पुलिस टीम के लिए एक धन्यवाद सभा आयोजित की। सभा में लोगों ने A1 न्यूज़ को भी विशेष रूप से धन्यवाद दिया क्योंकि उसी की रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की।
धन्यवाद सभा के दौरान विधायक रविंद्र नेगी ने पुलिसकर्मियों की सराहना की और उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में अवैध कारोबारियों के लिए कोई जगह नहीं है और आगे भी ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई ने न केवल खिचड़ीपुर के लोगों को राहत दी है बल्कि इलाके में कानून-व्यवस्था पर लोगों का भरोसा भी मजबूत किया है। अवैध कारोबार के पूरी तरह बंद होने से स्थानीय निवासियों ने इसे एक ऐतिहासिक दिन करार दिया है।



