Patparganj Village Crisis: राजधानी दिल्ली में पटपड़गंज गांव के लोग गंदगी में जीने को मजबूर
राजधानी दिल्ली के पूर्वी दिल्ली स्थित पटपड़गंज गांव में लोग बदहाली की जिंदगी जीने को मजबूर हैं। यहां सीवर से लगातार पानी ओवरफ्लो हो रहा है, चारों तरफ गंदगी और दुर्गंध फैली हुई है। स्थानीय लोग बताते हैं कि इस स्थिति में खड़ा होना तक मुश्किल है, लेकिन पिछले आठ महीने से उन्हें इसी हालात में रहना पड़ रहा है।
गांव की महिलाओं का कहना है कि इस गंदगी और बदबू के कारण उनके बच्चे और परिवार के सदस्य लगातार बीमार हो रहे हैं। उन्होंने कई बार इस समस्या को निगम पार्षद रेनू चौधरी और विधायक रविंद्र सिंह नेगी के सामने रखा। लिखित शिकायतें भी दी गईं और विधायक के कार्यालय से मोहर लगाकर रिसीविंग भी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
लोगों का आरोप है कि विधायक सिर्फ सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं और जहां सफाई होती है, वहां जाकर रील बनाते हैं, लेकिन पटपड़गंज गांव की वास्तविक समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि विधायक खुद यहां आकर हालात देखकर गए थे, फिर भी दो महीने बीत जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर वे कब तक इस गंदगी और नारकीय वातावरण में रहने को मजबूर रहेंगे। लोगों की यह नाराजगी अब बढ़ती जा रही है और वे लगातार प्रशासन से समाधान की मांग कर रहे हैं।



