Delhi Crime: मंडावली में शातिर झपटमार गिरफ्तार, चोरी के मोबाइल और अवैध चाकू बरामद
दिल्ली के ईस्ट जिले में मंडावली थाना पुलिस ने स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर झपटमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो चोरी के मोबाइल फोन और एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। खास बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी पहले से ही 27 आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पुलिस के अनुसार, इलाके में बढ़ते स्नैचिंग और अवैध हथियारों के मामलों को देखते हुए थाना मंडावली की टीम को लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत 9 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे पुलिस टीम तालाब पार्क के पास गश्त कर रही थी। तभी पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने लगा।
पुलिसकर्मियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक अवैध बटनदार चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। जब पुलिस ने मोबाइल फोन की जांच की, तो उनमें से एक फोन पहले दर्ज मामले से जुड़ा हुआ पाया गया, जबकि दूसरा फोन भी चोरी का निकला, जो मंडावली थाना क्षेत्र के ही एक अन्य केस से संबंधित था।
पूछताछ के दौरान आरोपी मोबाइल फोन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अकबर सैफी (26 वर्ष), निवासी स्कूल ब्लॉक, मंडावली के रूप में हुई है।
जांच में यह भी सामने आया कि अकबर सैफी एक आदतन अपराधी है और वह पहले भी स्नैचिंग, चोरी और अन्य अपराधों के कुल 27 मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और पुराने मामलों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से इलाके में स्ट्रीट क्राइम पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और सक्रिय पेट्रोलिंग का नतीजा है, जिससे अपराधियों में डर का माहौल बना हुआ है।



