Crime News: प्रीत विहार पुलिस ने ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया, तीन आरोपी गिरफ्तार
पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस अभियान में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाइजीरियाई और एक केन्याई नागरिक भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से एमडीएमए (MDMA), गांजा, नकदी और दो स्कूटर बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत की गई है।
पुलिस के अनुसार प्रीत विहार थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी क्रम में थाना प्रीत विहार की एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें एसआई क्रांतिवीर, एसआई शिवम, हेड कांस्टेबल रविंदर, हेड कांस्टेबल नवीन और कांस्टेबल अनुभव शामिल थे। टीम ने स्थानीय खुफिया सूचनाओं और लगातार निगरानी के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखी।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि प्रीत विहार स्थित क्यूबा कैफे के पास ड्रग्स की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर 19 वर्षीय आरोपी आफताब को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एमडीएमए के छह पैकेट बरामद हुए। मौके पर जांच करने पर बरामद पदार्थ एमडीएमए पाया गया, जिसका कुल वजन लगभग तीन ग्राम था। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी।
पूछताछ के दौरान आरोपी आफताब ने खुलासा किया कि उसने यह ड्रग्स एक नाइजीरियाई नागरिक लकी से खरीदी थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लकी को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी तलाशी में एमडीएमए के दस पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन लगभग आठ ग्राम बताया गया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया।
आगे की जांच में पुलिस टीम आरोपी लकी और उसके सहयोगी अबोंगो कैनेडी ओडायो के ठिकाने तक पहुंची। तलाशी के दौरान वहां से लगभग 61 ग्राम गांजा और 1 लाख 37 हजार 600 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस को आशंका है कि यह रकम ड्रग्स की बिक्री से प्राप्त हुई है। बरामद नकदी को भी जब्त कर लिया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो होंडा एक्टिवा स्कूटर भी बरामद किए हैं। इनमें से एक स्कूटर आरोपी लकी के कब्जे से और दूसरा आरोपी आफताब के कब्जे से मिला। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन वाहनों का उपयोग ड्रग्स की सप्लाई और अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जा रहा था या नहीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय आफताब, 42 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक लकी और 34 वर्षीय केन्याई नागरिक अबोंगो कैनेडी ओडायो के रूप में हुई है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थों की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस कार्रवाई से पूर्वी दिल्ली में सक्रिय एक महत्वपूर्ण ड्रग्स सप्लाई चैन को ध्वस्त कर दिया गया है। जांच एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क की वित्तीय लेन-देन, सप्लाई चेन, ग्राहकों और अन्य सहयोगियों की पहचान करने में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।



