Homeदिल्ली-एनसीआरDelhi Crime News: शाहदरा में अंतरराज्यीय जुआ सिंडिकेट का भंडाफोड़, 21 जुआरी...

Delhi Crime News: शाहदरा में अंतरराज्यीय जुआ सिंडिकेट का भंडाफोड़, 21 जुआरी गिरफ्तार, 15 लाख के गेमिंग चिप्स बरामद

Delhi Crime News: शाहदरा में अंतरराज्यीय जुआ सिंडिकेट का भंडाफोड़, 21 जुआरी गिरफ्तार, 15 लाख के गेमिंग चिप्स बरामद

नई दिल्ली। शाहदरा जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने अंतरराज्यीय जुआ सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 16 पुरुष और 5 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने मौके से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के 2,998 गेमिंग चिप्स, 77,900 रुपये नकद, 22 ताश की गड्डियां और जुए में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार शाहदरा जिले में संगठित जुआ गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एएटीएस की टीम को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इंस्पेक्टर प्रतीक सक्सेना के नेतृत्व में गठित टीम को 1 जुलाई को सूचना मिली कि वेस्ट नाथू कॉलोनी स्थित एक मकान में बड़े स्तर पर जुए का अड्डा संचालित किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सादे कपड़ों में योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा। मकान की दूसरी मंजिल पर 16 पुरुष और 5 महिलाएं जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़े गए। तलाशी के दौरान पुलिस ने 77,900 रुपये नकद, लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के 2,998 गेमिंग चिप्स, 22 ताश की गड्डियां, नोटपैड, पेन और अन्य जुआ सामग्री बरामद कर जब्त कर ली।

मामले में मानसरोवर पार्क थाने में एफआईआर संख्या 203/2026 के तहत दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धाराओं 3, 4, 6, 9 और 55 में मुकदमा दर्ज कर सभी 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी अनिल चौधरी और सागर आहूजा ने खुलासा किया कि वही जुए के इस पूरे खेल का संचालन कर रहे थे। दोनों ने बताया कि वे प्रॉपर्टी डीलर हैं और इस तरह के जुए के आयोजन कराते थे। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक खिलाड़ी को जुए में शामिल होने के लिए 500 रुपये प्रति गेमिंग चिप के हिसाब से चिप्स खरीदनी पड़ती थीं।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि जिस मकान में जुआ खेला जा रहा था, वह लक्ष्मण दास का है। अनिल चौधरी किरायेदार होने के साथ-साथ पूरे आयोजन का संचालक था और वह प्रत्येक जुए के आयोजन के लिए मकान मालिक को 30 हजार रुपये देता था।

पुलिस अब इस सिंडिकेट के वित्तीय लेनदेन, पहले आयोजित जुआ सत्रों, अन्य सहयोगियों की भूमिका और अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

बरामदगी में 2,998 गेमिंग चिप्स (करीब 15 लाख रुपये मूल्य), 77,900 रुपये नकद, 22 ताश की गड्डियां, नोटपैड, पेन तथा अन्य जुआ सामग्री शामिल है।

गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश और नेपाल से जुड़े लोग शामिल हैं। इनमें मुख्य आरोपी अनिल चौधरी, सागर आहूजा, लक्ष्मण दास सहित कुल 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

यह कार्रवाई एएटीएस शाहदरा की टीम ने एसीपी ऑपरेशन के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में अंजाम दी। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments