Delhi Crime News: शाहदरा में अवैध शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 12 हजार क्वार्टर और 480 बीयर की बोतलों के साथ तस्कर गिरफ्तार
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से पहले कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के अभियान के तहत शाहदरा जिले की एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी (एएसबी) सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हरियाणा से दिल्ली लाई जा रही 12 हजार अवैध शराब के क्वार्टर, 480 बीयर की बोतलें और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन बरामद किया है। बरामद शराब की सभी बोतलों पर “फॉर सेल इन हरियाणा ओनली” अंकित था, जिससे स्पष्ट है कि इसे अवैध रूप से दिल्ली में खपाने की तैयारी थी।
शाहदरा जिला पुलिस के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर अवैध शराब, हथियारों की तस्करी और अन्य संगठित अपराधों पर रोक लगाने के लिए एएसबी सेल को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी दौरान 2 जुलाई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दिलशाद गार्डन स्थित ग्रीन फील्ड स्कूल के पास एक वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है।
सूचना की पुष्टि के बाद एसआई विक्रांत चौधरी के नेतृत्व में एएसआई नीरज कुमार, हेड कांस्टेबल सचिन कुमार, कुमार दिव्य वत्स, अरुण, परीक्षित और आकाश की टीम ने इलाके में जाल बिछाया। कुछ ही देर बाद पुलिस ने संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। वाहन चला रहे युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली जिले के झिंझाना निवासी 25 वर्षीय मोहित कुमार के रूप में हुई।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को कुल 280 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई। इनमें 200 कार्टन में 10 हजार क्वार्टर देसी शराब ‘संत्रा’, 40 कार्टन में 2 हजार क्वार्टर देसी शराब ‘नाइट ब्लू’ और 40 कार्टन में 480 बोतल ‘थंडरबोल्ट स्ट्रॉन्ग बीयर’ मिली। सभी शराब की बोतलों पर केवल हरियाणा में बिक्री के लिए होने का उल्लेख था। पुलिस ने पूरी खेप और वाहन को जब्त कर लिया।
इस मामले में जीटीबी एन्क्लेव थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33 और 58 के तहत एफआईआर संख्या 182/2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी मोहित कुमार ने खुलासा किया कि वह हरियाणा से अवैध शराब खरीदकर दिल्ली में सप्लाई करता था। उसने बताया कि वह सिंघु बॉर्डर के आसपास स्थित सप्लायरों से “फॉर सेल इन हरियाणा ओनली” लेबल वाली शराब खरीदता था और उसे दिल्ली लाकर स्थानीय शराब तस्करों के माध्यम से विभिन्न इलाकों में पहुंचाता था। पुलिस का मानना है कि आरोपी लंबे समय से इस नेटवर्क का सक्रिय सदस्य था और आर्थिक लाभ के लिए लगातार अवैध शराब की तस्करी कर रहा था।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मोहित कुमार आदतन शराब तस्कर है। उसके खिलाफ इससे पहले भी दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत छह मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह को शराब उपलब्ध कराने वाले सप्लायर कौन हैं, दिल्ली में इसकी खेप किन लोगों तक पहुंचाई जाती थी, इसके पीछे आर्थिक मदद कौन कर रहा था और इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
शाहदरा पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई खुफिया सूचना, सटीक योजना और त्वरित पुलिस कार्रवाई का परिणाम है। स्वतंत्रता दिवस से पहले इस बड़ी बरामदगी से अवैध शराब तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। मामले की जांच जारी है और पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर गहन जांच कर रही है।



