Delhi Crime : पश्चिम विहार में जिम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाइक सवार बदमाशों ने मचाया आतंक
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब अज्ञात बदमाशों ने एक जिम को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, थाना पश्चिम विहार ईस्ट पुलिस को पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली कि पुष्कर एन्क्लेव स्थित 24 Hs Fitness जिम के बाहर गोलीबारी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि दो अज्ञात बाइक सवार बदमाश जिम के बाहर पहुंचे और उन्होंने जिम के शीशों पर कई राउंड फायरिंग की। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे कपड़े से ढक रखे थे।
फायरिंग के दौरान जिम के अंदर कई लोग मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि गोलीबारी से जिम के शीशों और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फायरिंग के पीछे रंगदारी, आपसी रंजिश या किसी अन्य आपराधिक साजिश का हाथ तो नहीं है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हाल के दिनों में दिल्ली में कारोबारी प्रतिष्ठानों और व्यावसायिक स्थलों पर फायरिंग की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिली है, जिसके चलते पुलिस ऐसे मामलों को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है।



