Khichripur Crime: खिचड़ीपुर में अवैध शराब और सट्टे के खिलाफ सामाजिक संगठनों की बैठक, धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
पूर्वी दिल्ली के खिचड़ीपुर इलाके में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और अवैध कारोबार ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। खासकर अवैध शराब और सट्टे के कारोबार को लेकर लोगों में गुस्सा गहराता जा रहा है। इन्हीं समस्याओं से तंग आकर इलाके के वरिष्ठ सामाजिक संगठनों ने एक बैठक आयोजित की, जिसमें बढ़ते अपराध और पुलिस की निष्क्रियता पर गंभीर चर्चा हुई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि खिचड़ीपुर के 7 ब्लॉक और 6 ब्लॉक, केंद्रीय विद्यालय और पुलिस चौकी से महज कुछ ही मीटर की दूरी पर अवैध कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। लोगों ने कई बार थाना कल्याणपुरी और अन्य पुलिस अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। परिणामस्वरूप, अपराधी निडर होकर शराब और सट्टे के धंधे को लगातार बढ़ा रहे हैं।
बैठक में शामिल सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की जानकारी में होने के बावजूद अवैध कारोबार पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे इलाके में अपराध की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि एक बार फिर पुलिस अधिकारियों को इस पूरे मामले की लिखित शिकायत दी जाएगी। यदि उसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई, तो न सिर्फ खिचड़ीपुर बल्कि दिल्ली प्रदेश के कई सामाजिक संगठन मिलकर डीसीपी पूर्वी दिल्ली के कार्यालय के बाहर शांति पूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही पुलिस की लापरवाही के खिलाफ जन आक्रोश रैली भी निकाली जाएगी।
इस बैठक में वरिष्ठ सामाजिक सेवक कृपाल सिंह, राकेश बुंदेलखंड, रमेश सर्किनिया, राजकुमार वैद, वीरू वाल्मीकि, मोहन गौतम, राकेश जी, राकेश राठौर और अर्जुन समेत कई लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि अवैध शराब और सट्टे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जल्द ही बड़े पैमाने पर जन आंदोलन छेड़ा जाएगा।



