Delhi Encounter: स्पेशल सेल ने हैरी बॉक्सर गैंग के चार शार्पशूटर दबोचे, एनकाउंटर में चली गोलियां
दिल्ली में संगठित अपराध पर नकेल कसते हुए दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने देर रात बड़ी कार्रवाई की। कुख्यात हैरी बॉक्सर गैंग के चार शार्पशूटर्स को पुलिस ने पकड़ लिया, जिनमें दो को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को खुफिया इनपुट मिला था कि गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के शार्पशूटर कार्तिक जाखड़ और कविष न्यू अशोक नगर इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर ट्रैप बिछाया।
जैसे ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को सरेंडर करने के लिए कहा, उन्होंने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मोर्चा संभाला और मुठभेड़ हुई। इस दौरान कार्तिक जाखड़ के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। मौके से हथियार भी बरामद किए गए हैं।
स्पेशल सेल की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। पूछताछ और तकनीकी इनपुट के आधार पर गैंग से जुड़े दो और शार्पशूटर्स को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ये गैंग दिल्ली-एनसीआर में सुपारी किलिंग, रंगदारी और हथियारों की तस्करी जैसी वारदातों में शामिल था।
अधिकारियों ने बताया कि हैरी बॉक्सर गैंग का नेटवर्क दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है। हाल ही में गैंग पर कई बड़ी वारदातों की साजिश रचने का शक था। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से गैंग की कमर टूटेगी और आने वाले समय में अपराध पर रोक लगेगी।



