Operation Gang Bust दिल्ली पुलिस ने गोगी गैंग के सक्रिय सदस्य को दबोचा, पिस्टल और चोरी की बाइक बरामद
पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। “ऑपरेशन गैंग बस्ट” के तहत ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल स्टाफ टीम और थाना पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुख्यात गोगी गैंग के एक सक्रिय और हार्डकोर सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से अत्याधुनिक अवैध पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और चोरी की ड्यूक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित मान के रूप में हुई है, जो दिल्ली के बुढ़पुर गांव का रहने वाला है और उसकी उम्र 48 वर्ष बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से गोगी गैंग से जुड़ा हुआ था और कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ईस्ट डिस्ट्रिक्ट में सक्रिय गैंगस्टरों और आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए “ऑपरेशन गैंग बस्ट” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत स्पेशल स्टाफ और थाना पुलिस की संयुक्त टीम लगातार तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाने में लगी हुई थी।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गोगी गैंग का एक हथियारबंद सदस्य पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में संभावित उगाही के टारगेट की रेकी करने आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अफकॉन रोड पर EDM और गाजीपुर मुर्गा मंडी राउंडअबाउट के बीच जाल बिछाया।
कुछ देर बाद बिना नंबर प्लेट की ड्यूक बाइक पर एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी भागने लगा। इस दौरान उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी लोडेड पिस्टल निकालकर इस्तेमाल करने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे काबू कर लिया और हथियार छीन लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अत्याधुनिक अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी जिस KTM Duke बाइक का इस्तेमाल कर रहा था, वह चोरी की थी और उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह इलाके में उगाही और अन्य आपराधिक गतिविधियों के लिए रेकी कर रहा था। इसके बाद थाना पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में एफआईआर संख्या 143/26 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। इनमें लूट, अपहरण, चोरी, धोखाधड़ी और उगाही जैसे अपराध शामिल हैं। पुलिस अब गोगी गैंग के अन्य सदस्यों, उनके नेटवर्क और अवैध हथियार सप्लाई चेन की जांच में जुटी हुई है।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समय रहते आरोपी की गिरफ्तारी से संभावित बड़ी आपराधिक वारदात टल गई और इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिली। पुलिस का कहना है कि राजधानी में सक्रिय गैंग्स के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।



