Homeक्राइमEast Delhi Auto Lifter: प्रीत विहार पुलिस ने शातिर वाहन चोर को...

East Delhi Auto Lifter: प्रीत विहार पुलिस ने शातिर वाहन चोर को दबोचा, 4 चोरी की स्कूटी बरामद और 15 मामलों का खुलासा

East Delhi Auto Lifter: प्रीत विहार पुलिस ने शातिर वाहन चोर को दबोचा, 4 चोरी की स्कूटी बरामद और 15 मामलों का खुलासा

पूर्वी दिल्ली जिले की प्रीत विहार थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए शातिर ऑटो लिफ्टर राजेंद्र उर्फ राजू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अलग-अलग इलाकों से चुराई गई चार स्कूटी बरामद की हैं, जिससे जगतपुरी, प्रीत विहार और सीमापुरी थानों में दर्ज वाहन चोरी के चार महत्वपूर्ण मामलों का पर्दाफाश हुआ है। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि क्षेत्र में स्नैचिंग, वाहन चोरी और स्ट्रीट क्राइम पर लगाम लगाने के लिए गश्त, पिकेट चेकिंग और संदिग्धों की निगरानी तेज की गई थी। इसी सतर्कता के परिणामस्वरूप पुलिस टीम को यह कामयाबी मिली है।

पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को हेड कांस्टेबल राम सिंह, हेड कांस्टेबल नीरज कुमार, कांस्टेबल प्रदीप, कांस्टेबल सुमित और कांस्टेबल चेतन की संयुक्त टीम कड़कड़ मोड़ रेड लाइट के समीप नियमित पिकेट जांच और गश्त कर रही थी। उसी दौरान पुलिसकर्मियों ने एक स्कूटी सवार युवक को संदेहास्पद स्थिति में धीमे-धीमे चक्कर काटते और आसपास खड़ी गाड़ियों की रेकी करते देखा। जब पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, तो आरोपी ने स्कूटी मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। जब पकड़ी गई स्कूटी के इंजन और चेसिस नंबर की जांच ज़िपनेट (ZIPNET) पोर्टल के माध्यम से की गई, तो वह जगतपुरी थाने से चोरी पाई गई।

कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी के कई अन्य मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने छिपाकर रखी गई तीन अन्य चोरी की स्कूटी भी बरामद कर लीं, जिनका संबंध प्रीत विहार थाने में दर्ज दो मुकदमों और सीमापुरी थाने के एक मामले से निकला। पकड़े गए आरोपी की पहचान 25 वर्षीय राजेंद्र उर्फ राजू के रूप में हुई है, जो मंडावली के पंडित चौक का रहने वाला है। वह आठवीं पास है और वर्तमान में बेरोजगार है। पुलिस रिकॉर्ड की जांच से पता चला है कि आरोपी पहले से ही चोरी और झपटमारी के 15 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि वह चुराए गए वाहनों को किन रिसीवरों को बेचता था और उसके गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments