Nangloi DTC Bus Accident: बेकाबू बस ने कुचला राहगीरों को, 3 की मौत, भीड़ ने लगाई आग
दिल्ली के नांगलोई इलाके में एक बेकाबू DTC बस ने सड़क पर चल रहे लोगों को कुचल दिया, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। हादसा बाहरी दिल्ली के नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर हुआ। मृतकों में से एक की पहचान निहाल विहार निवासी रविकांत शर्मा के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, बस ने तेज रफ्तार में पहले ई-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर स्कूटी सवार को कुचल दिया। हादसे के तुरंत बाद गुस्साई भीड़ ने बस में आग लगा दी और अन्य बसों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें घायल व्यक्ति बस के नीचे पड़ा दिख रहा है और लोग उसे बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर जाम लग गया। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और घटना की जांच में जुट गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग हादसे के लिए जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



