Delhi Public Transport Awareness : पटपड़गंज में ई-रिक्शा से दौरे में दिया जागरूकता संदेश
पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज वार्ड-197 में आज एक जागरूकता पहल के तहत सार्वजनिक परिवहन और ई-रिक्शा का उपयोग करते हुए क्षेत्रीय दौरा किया गया। इस पहल का नेतृत्व लोकप्रिय निगम पार्षद श्रीमती रेनू चौधरी ने किया, जिसमें अधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। दौरे के दौरान सभी ने ई-रिक्शा का उपयोग किया और वापसी में भी सार्वजनिक परिवहन को ही प्राथमिकता दी।
इस पहल का उद्देश्य आम जनता को यह संदेश देना था कि अनावश्यक खर्चों में कमी, ईंधन की बचत और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी के साथ जीवनशैली अपनाना आज की जरूरत है। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया गया और स्थानीय समस्याओं को भी समझने का प्रयास किया गया।
यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस आग्रह से प्रेरित बताया गया, जिसमें उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे जरूरत के अनुसार ई-व्हीकल और सार्वजनिक परिवहन को अपनाएं, साथ ही अनावश्यक खर्चों जैसे पेट्रोल-डीजल की खपत और गैर-जरूरी खरीदारी में संयम बरतें। इस संदेश को आर्थिक मजबूती और देश की वित्तीय स्थिरता से जोड़कर देखा जा रहा है।
निगम पार्षद रेनू चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संदेश केवल एक सलाह नहीं बल्कि राष्ट्रहित में एक महत्वपूर्ण सोच है, जिसे अपनाकर हर नागरिक देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से बड़ा असर देखने को मिल सकता है।
दौरे के दौरान मौजूद स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे प्रयास समाज में जागरूकता बढ़ाने का काम करते हैं। लोगों ने माना कि यदि सभी नागरिक जिम्मेदारी के साथ सार्वजनिक परिवहन को अपनाएं, तो इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि पर्यावरण पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।



