Drug Network Busted: सीमापुरी में हेरोइन सप्लाई करने आया तस्कर गिरफ्तार, 110 ग्राम स्मैक बरामद
पूर्वी Delhi जिले की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) शाहदरा ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 110.52 ग्राम हेरोइन यानी स्मैक बरामद की है, जिसकी कीमत बाजार में लाखों रुपये बताई जा रही है। आरोपी को सीमापुरी इलाके में नशे की खेप सप्लाई करने के दौरान गिरफ्तार किया गया।
शाहदरा पुलिस के अनुसार 7 मई 2026 को एएनटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि Sumit alias Bhatija नाम का युवक दिल्ली-एनसीआर में अवैध रूप से हेरोइन की सप्लाई कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने इनपुट की गहन जांच की और आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया।
इस टीम में एसआई धीर सिंह, एएसआई शोकिंदर, हेड कांस्टेबल राजेश, वेदपाल, पंकज, विकास मलिक, दीपक और कांस्टेबल अर्जुन शामिल थे। ऑपरेशन को इंस्पेक्टर विनोद कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जबकि एसीपी ऑपरेशन मोहित सिंह और डीसीपी शाहदरा की निगरानी में पूरी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने सीमापुरी इलाके में जाल बिछाकर निगरानी शुरू की। इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए से मेल खाता एक संदिग्ध युवक मौके पर पहुंचा। पुलिस टीम ने तुरंत उसे पकड़ लिया और तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक पारदर्शी प्लास्टिक पाउच बरामद हुआ, जिसमें 110.52 ग्राम हेरोइन यानी स्मैक मिली।
बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना सीमापुरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत एफआईआर नंबर 317/26 दर्ज की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय सुमित उर्फ भतीजा निवासी ताहिरपुर, सीमापुरी के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह साहिबाबाद निवासी राजा और जावेद उर्फ टोनी नाम के व्यक्तियों से हेरोइन लेकर दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करता था। आरोपी ने बताया कि आर्थिक तंगी और जल्दी पैसा कमाने की लालच में वह नशा तस्करी के कारोबार में शामिल हो गया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सुमित पहले से कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ लगभग पांच मामले दर्ज हैं, जिनमें एक मामला एनडीपीएस एक्ट से भी जुड़ा हुआ है। आरोपी दिहाड़ी मजदूरी का काम करता था लेकिन बाद में ड्रग सप्लाई नेटवर्क से जुड़ गया।
शाहदरा पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दिल्ली-एनसीआर में नशे की सप्लाई करने वाले इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। साथ ही सप्लाई चेन और मुख्य सरगनाओं तक पहुंचने के लिए लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



