Swami Chaitanyananda: 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया बाबा चैतन्यानंद, 17 छात्रों से यौन शोषण का है आरोप
पटियाला हाउस कोर्ट की मजिस्ट्रेट अदालत ने यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़, धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े के आरोपों में गिरफ्तार चैतन्यानंद उर्फ पार्थ सारथी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दिल्ली पुलिस ने पांच दिनों की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट अनिमेश कुमार के समक्ष पेश किया। पुलिस ने अदालत से न्यायिक हिरासत की मांग करते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ आरोप बेहद गंभीर हैं और जेल भेजना जरूरी है ताकि सबूतों से छेड़छाड़ और गवाहों को प्रभावित करने से रोका जा सके।
क्राइम ब्रांच ने 27 सितंबर की रात आगरा के एक होटल से चैतन्यानंद को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि दिल्ली के एक निजी प्रबंधन संस्थान के पूर्व चेयरमैन रहते हुए उसने 17 छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की। प्राथमिकी के अनुसार, वह छात्राओं को देर रात अपने क्वार्टर में बुलाता था और उन्हें आपत्तिजनक संदेश भेजता था। इतना ही नहीं, आरोपी ने सीसीटीवी एप के जरिए छात्राओं की गतिविधियों पर निगरानी भी रखता था।



